यातायात माह में एक से 30 नवंबर के बीच कमिश्नरेट की ट्रैफिक पुलिस को 31043 लोग बगैर हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाते मिले। तीन सवारी वाले 2137 दोपहिया वाहन मिले। वहीं, इस अवधि में नो पार्किंग जोन में 5971 वाहन खड़े मिले। इन सभी का चालान यातायात नियमों की अनदेखी के आरोप में किया गया है।
एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि यातायात माह में मोडिफाइड साइलेंसर/प्रेशर हॉर्न व हूटर का इस्तेमाल करते हुए 26 वाहन मिले। ध्वनि/वायु प्रदूषण फैलाने वाले 73 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल करते हुए 28 वाहन मिले। प्रदूषण प्रमाणपत्र न होने पर 144 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। दोपहिया वाहन चलाने के दौरान मोबाइल का प्रयोग करते हुए 1791 लोग मिले। सीट बेल्ट न लगाकर वाहन चलाने वाले 468 लोगों का चालान किया गया। बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले 241 के खिलाफ कार्रवाई की गई। गलत दिशा से वाहन चलाने पर 3972 लोगों का चालान किया गया। बिना बीमा कराए चलने वाले 1919 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा 93 वाहनों को सीज किया गया। उधर, संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. के एजिलरसन ने कहा कि जाम की समस्या के प्रति गंभीरता से ध्यान देने के साथ ही ट्रैफिक पुलिस यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखेगी।
6354 चालकों को दी गई नियमों की जानकारी
वाराणसी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार यातायात माह में 6354 वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। 12 विद्यालयों में जाकर 4475 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। 48652 लोगों को यातायात नियमों से संबंधित पंफलेट दिया गया। 662 वाहनों में रेट्रो रिफलेक्टिव टेप लगाया गया। 362 वाहनों में यातायात निर्देशन स्टीकर लगाया गया। 38 वाहनों में काला पेंट लगाकर लो बीम मोड में किया गया।
क्विज प्रतियोगिता में संत अतुलानंद के बच्चे अव्वल
यातायात माह के समापन पर इंटर स्कूल यातायात क्विज व नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान संत अतुलानंद काॅन्वेंट स्कूल कोईराजपुर, द्वितीय स्थान सनबीम स्कूल वरुणा और तृतीय स्थान सेंट जेवियर्स स्कूल लेढ़ूपुर के बच्चों का रहा। नाटक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान संत अतुलानंंद काॅन्वेंट स्कूल कोईराजपुर के शिवाजी हाउस और द्वितीय स्थान यहीं के कौटिल्य हाउस के बच्चों का रहा।