टुंपा राय को आचार्य परीक्षा में सबसे अधिक छह स्वर्ण और एक रजत पदक
विज्ञापन
विश्वविद्यालय ने जारी की मेधावियों की अनंतिम सूची, मांगी आपत्तियां, समारोह 26 सितंबर को माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय ने दीक्षांत समारोह के लिए मेधावियों की सूची जारी कर दी है। रविवार शाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर सूची अपलोड की गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मेधावियों की सूची पर तीन दिनों के अंदर आपत्तियां भी मांगी हैं। सूची के अनुसार, इस बार के 42वें दीक्षांत समारोह में 31 मेधावियों को 58 मेडल प्रदान किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय के आचार्य की छात्रा टुंपा राय को सबसे अधिक सात पदक प्रदान किए जाएंगे। इसमें छह स्वर्ण पदक और एक रजत पदक शामिल है। टुंपा राय को आचार्य परीक्षा में सर्वाधिक अंक मिलने पर डॉ. गंगानाथ झा स्वर्ण पदक, रिपन स्वर्ण पदक, चंद्रशेखर शास्त्री वैकुंठनाथ शास्त्री स्वर्ण पदक, महाराजा विभूति नारायण स्वर्ण पदक, वेदांताचार्य परीक्षा, अन्नदा प्रसाद मुखर्जी स्वर्ण पदक और सवाई माधोसिंह रजत पदक प्रदान किया जाएगा। प्रजवल को शुक्लयजुर्वेद के आचार्य परीक्षा में पांच स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा सृष्टि दुबे, हर्ष पांडेय को चार-चार स्वर्ण पदक, तारा प्रसाद दुबे, नूतन विष्णु रेग्मी, मनिंद्रा भगवंत कुलकर्णी को तीन-तीन स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। जैन अभय महेश को दो स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। शास्त्री परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर सुंदरम श्रोत्रिय को राम प्रताप शास्त्री स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक प्रजवल को दिया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि यह मेधावियों की अनंतिम सूची है। अगर किसी को इस पर कोई आपत्ति हो तो वह 16 से 18 सितंबर तक अपनी आपत्ति कारण सहित कुलसचिव व परीक्षा नियंत्रक के ई-मेल पर दर्ज करा सकता है।