जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से कम हो रहा है। सोमवार को एक्टिव केसों की संख्या 500 से कम होकर 469 पर पहुंच गई। वहीं, सोमवार को 26 नए मरीज मिले जबकि दो की मौत भी हुई है। 4988 सैंपलों की रिपोर्ट में पहाड़पुर, छित्तूपुर, बिरदोपुर, सिकरौल, चांदपुर, चेतगंज, बीएचयू सहित अन्य जगहों पर मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सोमवार को डीआरडीओ अस्पताल में भर्ती नेवादा मंगारी निवासी 48 वर्षीय और लहरतारा निवासी 74 वर्षीय पुरुष की मौत हुई। साथ ही होम आइसोलेशन में भर्ती 87 मरीज स्वस्थ घोषित किए गए जबकि 12 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। अब कुल 81,997 मरीजों में 80,768 डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं, 760 मरीजों की मौत हो चुकी है। उधर एक जून से शुरू अभियान के तहत सोमवार को कुल 768 बच्चों की जांच की गई। पांच साल तक 202 और 6 से 12 साल तक के 280 जबकि 13 से 18 साल तक के 286 बच्चों की आरटीपीसीआर जांच की गई। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि छह जून को हुई जांच में 6 से 12 साल में एक और 13 से 18 साल में एक बच्चा संक्रमित मिला है।