आदर्श इंटर कॉलेज में सोमवार को श्रमिक जागरूकता व हितलाभ वितरण समारोह हुआ। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तत्वावधान आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर रहे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कन्या विवाह योजना के अंतर्गत अनुदान राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है। मंत्री ने श्रमिकों से जागरूक होकर योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीयन कराने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि अजगरा विधायक त्रिभुवन राम रहे। उप श्रमायुक्त डॉ. महेश कुमार पांडेय ने श्रम विभाग द्वारा निर्माण श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। वित्तीय वर्ष 2025-26 में बनारस में लाभान्वित श्रमिकों का विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान 253 श्रमिकों को 1.45 करोड़ रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से वितरित की गई और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। मौके पर ही 150 श्रमिकों का पंजीयन किया गया। कार्यक्रम में सहायक श्रमायुक्त अविनाश चंद्र तिवारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। संवाद