हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में बुधवार को श्री पंचनाम जूना अखाड़ा की ओर से हनुमान घाट स्थित प्राचीन बड़े हनुमान मंदिर में 251 ब्राह्मण सामूहिक सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। साथ ही समाज में सकारात्मक ऊर्जा, शांति एवं धार्मिक चेतना का संचार करेंगे। अखाड़े के कोठारी योगानंद सरस्वती ने मंगलवार को अखाड़े में पत्रकारों को बताया कि अनुष्ठान में अखाड़े के संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज, सुमेरुपीठाधीश्वर स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती महाराज, महामंडलेश्वर नंदगिरि माता शामिल होंगे। उनके नेतृत्व में सुंदरकांड का पाठ और दो अप्रैल को पूजन-अर्चन के बाद भंडारा होगा।