चंदौली। बलुआ पुलिस ने बुधवार की रात वाहन चेकिंग के दौरान मुठभेड़ में वाराणसी जिले के 25 हजार के इनामी बदमाश सदानंद यादव उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है। बदमाश के पास से 32 बोर की पिस्टल व कारतूस बरामद हुआ। बृहस्पतिवार को एसपी अमित कुमार ने पुलिस लाइन में खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ वाराणसी के लंका थाने में आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित है। एसपी ने जानकारी दी कि पुलिस को सूचना मिली कि एक शातिर अपराधी वाराणसी के चौबेपुर से टेढ़ी पुलिया के रास्ते पीडीडीयू नगर जाने की फिराक में है। इस पर मारुफपुर चौकी इंचार्ज प्रशांत सिंह हमराहियों के साथ टेढ़ी पुलिया के पास पहुंच वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद बुलेट मोटरसाइकिल से एक व्यक्ति आता दिखा। पुलिस ने रोका तो उसने पिस्टल से फायर झोंक दिया। गोली उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार सिंह की बाइक में लगी। पुलिसकर्मियों ने जवाबी फायरिंग की। पैर में गोली लगने से बदमाश घायल होकर गिर पड़ा। उसे तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उपचार के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के सिरगोवर्धनपुर निवासी 25 हजार के इनामी बदमाश सदानंद यादव उर्फ कल्लू रूप में हुई। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो वाराणसी में कई घटनाओं में संलिप्त होने की बात स्वीकार की।