वाराणसी। प्रधानमंत्री ऊर्जा गंगा के अंतर्गत गेल इंडिया लिमिटेड होली से पूर्व शहर में तीसरे सीएनजी स्टेशन का उपहार नगरवासियों को देने जा रही है। गेल के प्रभारी अधिकारी, मुख्य महाप्रबंधक एसएन यादव ने बताया कि रिंग रोड (हरहुआ-तुलसीपट्टी) संचालित सीएनजी स्टेशन बनकर तैयार हो गया है। प्रयागराज कार्यालय के पेसो, सीसीओई-चीफ कंट्रोलर ऑफ एक्सप्लोसिव उप मुख्य विस्फ ोटक नियंत्रक ने शुक्रवार को इसका निरीक्षण कर लाइसेंस प्रदान किया। साथ ही वजन व माप विभाग द्वारा स्टंपिंग की प्रक्रिया चल रही है। इसके पूर्ण होते ही व्यावसायिक रूप से स्टेशन का प्रचालन शीघ्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑटो चालकों को पेट्रोल की अपेक्षा 40 से 50 प्रतिशत बचत होगी। वर्तमान में शहर में लगभग 2500 वाहन सीएनजी से चल रहे हैं तथा 8000 किलोग्राम से अधिक सीएनजी गैस का विक्रय किया जा रहा है। अगले तीन माह में इसे दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के उप महाप्रबंधक गौरीशंकर मिश्रा ने बताया कि इसके साथ ही शहर में कुल तीन सीएनजी स्टेशन हो जाएंगे। इसके अलावा पांच अन्य स्टेशन सिगरा, नदेसर, अलईपुर, भेलूपुर, चितईपुर में भी कार्य प्रगति पर है।