ज्ञानपुर। सोमवार को देर रात इंद्रदेव फिर मेहरबान हो गए। आसमान में दिन भर बादलों की उमड़-घुमड़ के बाद रात्रि करीब आठ बजे झमाझम बरसात हुई। इससे गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को राहत मिल गई, लेकिन निचले इलाके में भारी जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। सोमवार को सुबह आसमान में बादलों की हल्की उमड़-घुमड़ थी, लेकिन बीच-बीच में धूप निकल जाने से गर्मी बढ़ जा रही थी। इस बीच दोपहर में चतुष्कोणीय हवाओं का दबाव बढ़ा तो आसमान में बादलों की घेरेबंदी तेज हो गई। लेकिन, इस दौरान उमस भी तेज हो गई। इससे जनजीवन बेहाल हो गया। शाम करीब पांच बजे हल्की फुहारें पड़ीं तो गर्मी में और इजाफा हो गया। लोग पसीने-पसीने हो गए। इस दौरान बिजली की आवाजाही ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ाईं। शाम को तीन से छह बजे के बीच में तकरीबन आठ बार बिजली का गुलगपाड़ा हुआ। लोग उमस से बेहाल ही थे कि रात लगभग आठ बजे इंद्रदेव मेहरबान हो गए और झमाझम बरसात शुरू हो गई। इससे दुर्गागंज त्रिमुहानी के अलावा पुरानी कलेक्ट्रेट गेट, राजा पार्क रोड, प्रोफेसर कॉलोनी रोड, पटेल नगर आदि इलाकों में सड़कों पर जलभराव हो गया। इससे आने जाने वाले वाहनों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। रात नौ बजे के आसपास तक रिमझिम बारिश होती रही।