भदोही। कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा मिल चौराहे पर सोमवार को बस संचालकों के लोडर ने एक आटो चालक को पीट कर घायल कर दिया। इससे नाराज ऑटो चालकों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने कोतवाली के गेट पर प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। इंदिरा मिल चौराहे से सुबह से शाम तक डग्गामार बसों का संचालन होता है। आटो चालक भी वहीं से सवारियां उठाते हैं। सवारियों के चक्कर में बस लोडर और ऑटो चालको में कई दिनों से विवाद हो रहा था। सोमवार को बस संचालक के लोडर ने ऑटो चालक इरफान को पीट दिया। मौके पर पहुंचे दूसरे आटो चालक माता सेवक, यमुना, गांधी, जगरनाथ, रमेश से भी लोडर ने मारपीट की। इस बीच डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोडर को पकड़कर कोतवाली ले गई। वहीं, आरोपी लोडर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए दो दर्जन ऑटो चालक भी कोतवाली पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे। आटो चालकों ने पुलिस को तहरीर देकर डग्गामार बसों के लोडर पर आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया। पुलिस ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया है।