ज्ञानपुर। एसपी पीआरओ विवेक उपाध्याय के साथ मारपीट करने वाले औराई के पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेश चंद्र द्विवेदी के भतीजों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। मंगलवार को पुलिस ने सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट की एक और धारा बढ़ा दी। धारा बढ़ने के बाद ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट प्रथम पवन सिंह की अदालत ने मामले की सुनवाई की तिथि बढ़ा दी। अब इस मामले की सुनवाई बुधवार एक अगस्त को होगी। दूसरी ओर आरोपी के शरीर पर 17 चोटें आईं हैं, जिनका जवाब पुलिस के पास नहीं है। मंगलवार को कोर्ट में जमानत पर सुनवाई के दौरान आरोपी के अधिवक्ताओं ने यह तर्क प्रस्तुत किया कि आरोपी के शरीर पर 17 चोटें कैसे आईं। गौरतलब है कि रविवार को जाम हटाने के दौरान औराई के पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेश द्विवेदी के दो भतीजे एसपी के पीआरओ से भिड़ गए थे। कुछ समर्थकों को बुलाकर उनके साथ मारपीट कर ली थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।