वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के सेवई मंडी स्थित एक मकान में सोमवार की देर रात आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते लपटें विकराल हो गईं। घर में रखे तीन एलपीजी सिलेंडर एक के बाद एक तेज धमाके के साथ फट गए। सिलेंडरों के विस्फोट से इलाके में भगदड़ मच गई। जिस मकान में आग लगी, वहां सेवई और फेनी बनाने का काम चल रहा था। सूचना के करीब 40 मिनट बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने सुरक्षा के मद्देनजर दो सौ मीटर के दायरे में आसपास के मकानों को खाली करा दिया। मकान में दो दर्जन से अधिक एलपीजी सिलेंडरों के होने की आशंका के मद्देनजर दमकल कर्मियों को भी दूर से ही आग बुझाने की मशक्कत करनी पड़ी। देर रात डेढ़ बजे तक आग बुझाई नहीं जा सकी थी। दमकल कर्मियों के अलावा स्थानीय लोग और पुलिस कर्मी भी आग बुझाने के प्रयास में जुटे थे। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।