हरिश्चंद्र महाविद्यालय में बुधवार को युवाओं के लिए रोजगार मेला लगा। इसमें 396 युवाओं के आवेदन में विभिन्न पदों 202 अभ्यर्थियों को रोजगार मिला। मेले में कुल 22 कंपनियों ने प्रतिभाग किया था। कंपनियों के हाथों ऑफर लेटर पाकर युवाओं के चेहरे खिल उठे। उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री शेषधर चौबे ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि कंपनी चाहे कोई भी हो, कॅरिअर की शुरुआत के लिए मिले अवसर को तत्काल स्वीकार करना चाहिए। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने सेवायोजन विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया और मेले में आईं विभिन्न कंपनियों की रिक्तियों व चयन प्रक्रिया की जानकारी दी। कॉलेज के उप प्राचार्य डॉ. विश्वनाथ वर्मा ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया। संचालन दिव्या बरनवाल ने किया, जबकि कॉलेज के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार और डॉ. अशोक कुमार सिंह उपस्थित रहे।