भदोही। कोतवाली क्षेत्र के काजीपुर बडी मस्जिद के पास स्थित एक मकान में मंगलवार को सुबह रसोई गैस लीकेज से लगी आग से लगभग 50 हजार रुपये के सामान जल कर राख हो गए। खाना बना रही महिला की नजर गैस रिसाव पर पड़ते ही उसके होश उड़ गए और अपने बच्चों को लेकर घर से बाहर निकल आई। इस बीच सिलिंडर में आग लगने की सूचना पर मौके पर पास पड़ोस के काफी लोग जमा हो गए और आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग गैस खत्म होने के बाद ही बुझ पाई। घटना के दौरान मोहल्ले में अफरातफरी मची रही। काजीपुर बड़ी मस्जिद के पास गली में अलीमुद्दीन अंसारी का मकान है। सुबह 7.30 बजे अलाउद्दीन की बेटी सिलिंडर के चूल्हे पर खाना बना रही थी। एकाएक लीकेज देख वह घबरा गई। शोर मचाते हुए वह बच्चों को लेकर घर से बाहर आ गई। इसी बीच लोग बचाव को पहुंचे, लेकिन ईंधन खत्म होने के बाद ही आग बुझ सकी। अलीमुद्दीन ने बताया कि छोटा सा घर है वहीं पर भोजन भी बनता है। उसी कमरे में गृहस्थी के समान और बच्चे भी थे। बच्चों को तो निकाल लिया गया लेकिन लगभग 50 हजार रुपये के गृहस्थी के सामान जल गए। जिसमे खाद्य सामग्री के अलावा कपड़े, स्टेबलाइजर आदि थे।