वाराणसी। बीएचयू चिकित्सा विज्ञान संस्थान की तीन छात्राओं को देर रात हॉस्टल से बाहर घूमने की शिकायत पर 15 दिन के कक्षा से निलंबित किए जाने की चर्चा परिसर में जोरों पर रही। हालांकि चीफ प्राक्टर प्रो. रोयाना सिंह ने ऐसी किसी भी कार्रवाई से इंकार करते हुए कहा कि छात्राओं को बस चेतावनी दी गई है। बताया कि पिछले शुक्रवार को रुइया खेल मैदान के पास छात्राओं को घूमता देख कुछ छात्रों ने प्राक्टोरियल बोर्ड में शिकायत की थी। मौके पर पहुंचे बोर्ड के सदस्यों ने देखा तो कुछ छात्र भी वहां छात्राओं के साथ थे और भागने लगे। छात्राआें ने पूछे जाने पर चाय पीने जाने की बात कही, इसके बाद बोर्ड सदस्यों ने न केवल छात्राओं को हॉस्टल में पहुंचाया बल्कि परिजनों को भी इसकी जानकारी दी। विश्वविद्यालय में रात आठ बजे के बाद हॉस्टल के बाहर घूमने पर प्रतिबंध है। चीफ प्राक्टर ने कहा कि फिलहाल निलंबन नहीं किया गया है।