वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में इग्नू क्षेत्रीय केंद्र की ओर से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्रीय निदेशक डॉ. एएन त्रिपाठी, सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. उपेंद्र नभ त्रिपाठी ने बताया कि भारत सरकार की कैशलेस योजना को सफल बनाने के लिए इग्नू ने अपने सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश को पूर्णत: ऑनलाइन कर दिया है। अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थी इग्नू की ओर से संचालित बैचलर डिग्री, सर्टिफिकेट तथा डिप्लोमा कार्यक्रमों में नि:शुल्क नामांकन करा सकते हैं। केवल पंजीयन शुल्क के रूप में दो सौ रुपये डिमांड ड्रॉफ्ट इग्नू के पक्ष में जमा करना होगा। यदि किसी ने ऑनलाइन नामांकन करा लिया हो तो उसके द्वारा भुगतान की गई राशि इग्नू वापस कर देगा। काशी विद्यापीठ इग्नू सेंटर की समन्वयक प्रो. अमिता सिंह ने बताया कि इन जनसेवा केंद्रों के माध्यम से इग्नू के कार्यक्रमों का और अधिक प्रचार करने में सहयोग मिलेगा। कार्यशाला की अध्यक्षता विधि विभाग के संकायाध्यक्ष प्रो. चतुर्भुज नाथ तिवारी ने किया। संचालन डॉ. अरुण कुमार सिंह ने तथा धन्यवाद प्रो. अमिता सिंह ने किया।