वाराणसी। एसपीजी के अधिकारियों के सुरक्षा घेरे में बुधवार को शहर आ रही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सुरक्षा व्यवस्था में 1400 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इससे पहले मंगलवार को पुलिस लाइन से बाबतपुर एयरपोर्ट, दशाश्वमेध, अस्सी घाट होते हुए शूलटंकेश्वर तक कांग्रेस की महासचिव की डमी फ्लीट की रिहर्सल की गई। साथ ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने प्रियंका के सभी कार्यक्रम स्थलों की सघन तलाशी ली। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि कांग्रेस महासचिव की सुरक्षा व्यवस्था में आठ डिप्टी एसपी के नेतृत्व में 22 थानाध्यक्ष, 200 दरोगा और 1200 कांस्टेबल तैनात रहेंगे। सभी पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।