वाराणसी। बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन अब विश्व में कहीं से भी किए जा सकेंगे। अमेरिका के आईटी एक्सपर्ट ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के साथ काशी विश्वनाथ वर्चुअल रियलिटी ऐप तैयार किया है। प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसको लांच कर सकते हैं। यह ऐप वर्चुअल थ्री डी तकनीक पर काम करेगा और भक्त को बाबा विश्वनाथ मंदिर में होने का आभास होगा। यह जानकारी अमेरिकी कंपनी यंग साफ्ट के रुपेश श्रीवास्तव ने रविवार को सिगरा स्थित एक होटल में दी। बनारस मूल के रुपेश पिछले 26 सालों से अमेरिका में रह रहे हैं। उनकी शिक्षा-दीक्षा काशी हिंदू विश्वविद्यालय से ही हुई। उन्होंने बताया कि रुद्राभिषेक, सप्तऋषि आरती, मंगला आरती के लाइव दर्शन हो सकेंगे। वृद्ध व अशक्त लोग घर बैठे बाबा के दर्शन कर सकेंगे। इसके माध्यम से रुद्राभिषेक की तैयारी भी की जा रही है। एनआरआई श्रद्धालु पूजा-पाठ आदि को ऐप के माध्यम से संजो भी सकेंगे। इसके अलावा विश्वनाथ मंदिर के जमीन के लोखा जोखा के संरक्षण की जिम्मेदारी भी कंपनी संभालने जा रही है। रुपेश ने बताया कि ब्लॉकचेन के माध्यम से सारे डाटा सुरक्षित किए जा सकेंगे। इनसे किसी प्रकार की छेड़ छाड़ नहीं की जा सकेगी।