ज्ञानपुर। बारिश के सीजन में दूषित पानी से मलेरिया समेत अन्य बीमारियों के उत्पन्न होने वाले लार्वा को नष्ट करने की तैयारी की गई है। मलेरिया विभाग छह मीट्रिक टन डीडीटी और 500 लीटर लार्वीस्टर से लार्वा को नष्ट करेगा। सभी पीएचसी और सीएचसी पर 50-50 लीटर लार्वीस्टर उपलब्ध कराया गया है। मानसूनी बारिश भले ही अब तक नहीं शुरू हो सकी है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग जलभराव के बाद उत्पन्न होने वाले लार्वा को खत्म करने की तैयारी को अंतिम रूप देने का दावा कर रहा है। जून के अंतिम सप्ताह से जुलाई के पहले सप्ताह तक संभावित बारिश को देखते हुए सीएचसी और पीएचसी को डीडीटी पाउडर और लार्वीस्टर लिक्विड उपलब्ध कराया जाएगा। इससे नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों में छिड़काव कराकर मलेरिया, फाइलेरिया समेत अन्य गंभीर बीमारियों के लार्वा को नष्ट किया जाएगा। नवागत डीएमओ रामआसरे पाल ने बताया कि जिले में डीडीटी और लार्वीस्टर उपलब्ध है। उसे सीएचसी और पीएचसी पर पहुंचाया जा रहा है।