सीतामढ़ी। कोइरौना थाना क्षेत्र के मनीपुर तलवा गांव में जंगीगंज-धनतुलसी मार्ग पर मंगलवार की रात सड़क दुर्घटना में कूड़ीकला गांव निवासी रमेश पाल (25) पुत्र कोलई पाल की मौत हो गई। वह रात लगभग आठ बजे अपनी बाइक से कटरा बाजार से घर लौट रहा था। वह राजगीर (मिस्त्री) का काम करता था। बताते हैं कि निर्माणाधीन सड़क पर वह असंतुलित होकर गिर गया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे गोपीगंज ले गए, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे गंभीर अवस्था में इलाहाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना पर घर में कोहराम मच गया। वह छह भाइयों और तीन बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसकी अभी गत मई में रानी देवी के साथ शादी हुई थी। बताते हैं कि वह राजगीर का काम करता था। उसकी मौत की खबर पर पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उसकी पत्नी रानी देवी, मां सुमित्रा देवी सहित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। इस बारे में कोइरौना पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को नहीं मिली है। जानकारी के अनुसार परिजनों ने मृतक का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया। उसका अंतिम संस्कार स्थानीय गंगा घाट पर किया गया। युवक की मौत की सूचना पर शोक संवेदना प्रकट करने वालों का तांता लग गया। क्षेत्र के भाजपा डीघ मंडल अध्यक्ष विधान चंद्र दुबे, अंबुज मिश्रा, राम सनेही गौतम, अनुज मिश्र, बऊ यादव, शिव लखन भारतीय आदि ने दु:ख प्रकट किया है।