वाराणसी। शनिवार को लोहता में प्वाइंट फेल होने के चलते मुंबई से आने वाली दादर एक्सप्रेस और आनंद विहार से आने वाली गरीब रथ घंटों देरी से वाराणसी पहुंची। भीषण गर्मी में यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ा। बाद में यात्रियों ने हंगामा किया और प्लेटफार्म नंबर पांच पर स्टेशन मास्टर कार्यालय में अपनी शिकायत दर्ज कराई। सुबह 11:45 बजे से लेकर 12:50 तक लोहता में प्वाइंट होने के चलते परिचालन प्रभावित रहा। इसकी वजह से जहां-तहां ट्रेनें खड़ी हो गईं। यार्ड में एक घंटे तक दोनों ट्रेनें खड़ी रहीं। जब दादर एक्सप्रेस कैंट पहुंची तो तेज धूप और प्यास से आक्रोशित यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। यात्री रेल प्रशासन के रवैए से काफी खफा नजर आए। यात्रियों ने कहा कि भदोही से कैंट तक पहुंचने में ट्रेन को पांच घंटे लग गए। यात्रियों को किसी प्रकार समझा बुझाकर ट्रेन को चलवाया गया।