वाराणसी। इनामी बदमाश रईस बनारसी की गिरफ्तारी के लिए कानपुर पुलिस ने वाराणसी पुलिस से मदद मांगी है। कानपुर पुलिस पिछले तीन दिन से रईस के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि वह छिपने के लिए वाराणसी भाग सकता है। दशाश्वमेध इलाके में उसकी ननिहाल है। जिले के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गैंग के दो शूटर इन दिनों जिला जेल में बंद हैं। जिला पुलिस रईस के स्थानीय ठिकानों और गैंग से जुड़े लोगों पर नजर रख रही है। 2015 में रईस बनारसी पुलिस अभिरक्षा में वाराणसी से बरेली ले जाते समय शाहजहांपुर से फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वह मूल रूप से कानपुर का रहने वाला है। एसपी सिटी दिनेश सिंह ने बताया कि रईस बनारसी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।