वाराणसी। सुहागिनों के लिए सबसे खास पर्व है करवाचौथ और इसी पर्व को मस्ती और खुशी के साथ मनाने के लिए महिलाएं एकत्र हुईं। शुक्रवार को रथयात्रा स्थित एक रेस्टोरेंट में महिलाओं ने नृत्य संगीत संग खूब मस्ती की। फन एंड ज्वॉय क्लब वाराणसी की ओर से यहां करवाचौथ और डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। संगीत की धुन पर डांडियों की आपसी जुगलबंदी खूब रही। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद नन्ही रिया ने अपनी नृत्य से सभी की तालियां बटोरीं। भूमिका जी ने पंजाबी गीत पर जमकर ठुमके लगाए। गायत्री और कीर्ति मिरा ने फ्यूजन डांस पेश किया। ‘...झुमका गिरा रे बरेली के बाजार में, ...पिंगा ग पोरी पिंगा’ जैसे फिल्मी गीत पर बेहतरीन नृत्य की प्रस्तुति दी। इसी तरह मोना, गौरी, संगीता, सुगंधा आदि ने नृत्य पेश किया। अध्यक्षता इंदु खंडेलवाल ने की। कार्यक्रम के अंत में करवा क्वीन कीर्ति मिश्रा चुनीं गईं। दूसरे नंबर पर कंचन मिश्रा रहीं। इसी तरह डांडिया क्वीन का खिताब संगीता गुप्ता व अल्का पटेल को गया। बेस्ट डांस भावना खनेजा व गायत्री व कीर्ति मिश्रा का रहा। रंगोली में प्रशस्ति मिश्रा व थाल सजाओ में मोना खन्ना विजेता रहीं। बेस्ट ड्रेस का खिताब संध्या सिंह, हेमा और अनुराधा को दिया गया। निर्णायक मंडल में नेहा भारद्वाज, सुनीता भार्गव व इंदु खंडेलवाल रहीं। धन्यवाद ज्ञापन अपर्णा राज ने किया।