बड़ागांव। 21 लाख और 16.5 लाख रुपये उधार लेकर हड़प लेने के दो अलग-अलग मामले में बुधवार को बड़ागांव थाने में दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इनके खिलाफ जान से मारने की धमकी का भी केस दर्ज किया गया। यह कार्रवाई एसएसपी के आदेश से की गई है। फिलहाल आरोपी फरार हैं। बड़ागांव थाने के लखापुर खरावन गांव निवासी पूर्व प्रधान एवं ईंट व्यवसायी राजनाथ यादव कुछ साल पहले खुशियालीपुर निवासी स्वामी यादव को ईंट का कारोबार करने के लिए 21 लाख रुपये दिए थे। एक अरसे बाद राजनाथ ने स्वामी से पैसा मांगा। आरोप है कि रुपये न देकर वह जान से मारने की धमकी देने लगा। एक अन्य मामले में खरावन साधोगंज निवासी रामसेवक ने कूड़ी गांव के पूर्व प्रधान चंदगीराम यादव को साढ़े सोलह लाख रुपये उधार दिए थे। पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। दोनों ने एसएसपी नितिन तिवारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी।