उत्तर प्रदेश के 18 मंडलों की टीमें 17 से 19 नवंबर तक वाराणसी में होने वाली राज्य स्तरीय जूनियर बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। श्याम नारायण पांडेय की 10वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय प्रतियोगिता वाराणसी पब्लिक स्कूल में खेली जाएगी। इसमें 18 टीमों के 250 खिलाड़ी और 50 निर्णायक प्रतिभाग करेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव 17 नवंबर को प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे। समापन समारोह 19 नवंबर को होगा, जिसमें सांसद सीमा द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव अमित पांडेय ने बताया कि प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट आधार पर खेली जाएगी। सभी टीमों को चार पूल में बांटा जाएगा। कुल 40 मैच खेले जाएंगे। खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था ज्ञानदायिनी महिला महाविद्यालय में की गई है।