राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के अंतर्गत सर्वाधिक स्वास्थ्य इकाइयों को प्रमाणित कराने वाला देश का पहला जिला बनारस बन गया है। वर्तमान में जिले की 172 स्वास्थ्य इकाइयां एन्क्वास प्रमाणित हो चुकी हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि प्रमाणन प्राप्त इकाइयों में 159 आयुष्मान आरोग्य मंदिर, 9 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 1 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 1 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व 2 जिला स्तरीय चिकित्सालय शामिल हैं। सीएमओ के अनुसार, 19 और इकाइयों के परिणाम शेष हैं, जबकि 4 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकन 15 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच भारत सरकार की ओर से नामित टीमें करेंगी। इसके अतिरिक्त 4 सीएचसी, 3 पीएचसी एवं 6 आयुष्मान आरोग्य मंदिर का डाटा सक्षम पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। इनका मूल्यांकन शीघ्र कराया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा शुरू किया गया और एन्क्वास एक कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं, जैसे कि जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी की गुणवत्ता में सुधार करना है। सीएमओ डॉ. चौधरी ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों, जिला प्रशासन एवं सहयोगी संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा कि आगामी मूल्यांकन में भी वाराणसी की बची इकाइयां प्रमाणन हासिल कर देश के लिए आदर्श मॉडल बनेंगी।