ज्ञानपुर। जिला अस्पताल की बिजली आपूर्ति के लिए लगा मेन स्विच का चेंजर बुधवार को भोर में धमाके के साथ उड़ गया। इससे उसमें आग लग गई। आग लगने के बाद अस्पताल परिसर में अपरातफरी मच गई। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे बिजली कर्मचारियों ने आपूर्ति काटी। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान तकरीबन साढ़े चार घंटे तक जिला अस्पताल की बिजली पूरी तरह बाधित रही। बुधवार को भोर में साढ़े तीन बजे के आसपास जिला अस्पताल की बिजली आपूर्ति के लिए लगाए गए मेन स्विच में अचानक एक तेज धमाका हुआ और चेंजर में आग लग गई। इससे आसपास मौजूद अन्य उपकरण भी धूंधं कर जलने लगे। इससे खलबली मच गई। लोगों ने बिजली विभाग को इसकी जानकारी दी। इसी बीच अस्पताल के मेकेनिक पहुंच गए और मेन लाइन की सप्लाई काट दी। इसके बाद धमाका शांत हुआ। इसके बाद इमरजेंसी समेत विभिन्न वार्डों और जिला अस्पताल परिसर में रहने वाले कर्मचारियों, चिकित्सकों के घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुबह आठ बजे के आसपास मरम्मत के बाद उसे ठीक किया गया। इसके बाद आपूर्ति बहाल हुई। इस दौरान मरीजों और उनके तीमारदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। सीएमएस डॉ. डीबी प्रसाद ने कहा कि तकनीकी गड़बड़ी से ऐसा हुआ था, जिसे बाद में ठीक कर लिया गया। दिन में बिजली सप्लाई ठीक हो गई थी।