गोपीगंज। पूर्वोत्तर रेलवे के ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की ट्रेनों के आवागमन की जानकारी देने के लिए लगा डिस्प्ले बोर्ड शोपीस बनकर रह गया है। एक माह से बोर्ड से प्रसारण ठप होने और पूछताछ काउंटर न होने के कारण यात्रियों को परेशान होना पड़ता है। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को ट्रेन के समय की जानकारी देने के लिए कंप्यूटराइज्ड डिस्प्ले बोर्ड लगाया गया था। स्टेशन पर पूछताछ काउंटर नहीं है। ऐसे में डिस्प्ले बोर्ड से यात्रियों को काफी सहूलियत होती थी। करीब एक माह से डिस्प्ले बोर्ड से प्रसारण ठप है, जिससे यह महज शो पीस बन कर रह गया है। यही हाल वाई-फाई का हो गया है। कुछ देर काम करने के बाद वह भी बंद हो जाता है। लोग स्टेशन पर जहां मूलभूत सुविधा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, वहीं विभाग की उदासीनता से स्टेशन पर जो सुविधा मिल रही थी, वह भी बंद हो जाने से यात्रियों में रोष है। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल एवं प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों ने रेल मंत्री सहित आला अधिकारियों को इस मामले ले अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। स्टेशन अधीक्षक महानंद कुमार ने बताया कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।