ज्ञानपुर। मुख्यमंत्री समग्र गांव अमिलहरा में बृहस्पतिवार को आयोजित चौपाल में अनुपस्थित 16 अधिकारियों से सीडीओ हरिशंकर सिंह ने स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही शौचालय, पीएम आवास समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं को पूरा न कराने पर बीडीओ अभोली को प्रतिकूल टिप्पणी की गई, जबकि एडीओ पंचायत नन्हेलाल बिंद, सेक्रेटरी महेश कुमार सरोज का वेतन रोक दिया गया। सीडीओ हरिशंकर सिंह की अध्यक्षता में अमिलहरा गांव में चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें कल्याणकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को बताया गया। चौपाल में अनुपस्थित रहने पर सीडीओ ने प्रभागीय वनाधिकारी आरएस वाजपेई, सीएमओ डॉ. सतीश सिंह, निदेशक कृषि अरविंद सिंह, कृषि अधिकारी अशोक कुमार, बीएसए अमित कुमार, एक्सईएन लोनिवि राकेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी मीना श्रीवास्तव, डीपीओ ऊर्मिला देवी, एक्सईएन जल निगम, प्रोबेशन अधिकारी, प्राचार्य आईटीआई, दिव्यांग सशक्तीकरण अधिकारी, डीएसओ, परियोजना अधिकारी नेडा और महाप्रबंधक दुग्ध से स्पष्टीकरण मांगा। इसी तरह कार्यक्रम की जानकारी होने के बाद भी प्रगति पुस्तिका न प्रस्तुत करने, कर्मचारियों को सूचना न देने पर बीडीओ अभोली शांति देवी को प्रतिकूल टिप्पणी जारी की। कल्याणकारी योजनाओं का सर्वेक्षण सही ढंग से न कराने और योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन न करने पर सेक्रेटरी मुकेश कुमार सरोज, एडीओ पंचायत नन्हेलाल बिंद का अग्रिम आदेश तक वेतन रोका। कहा कि जब तक सभी कार्य पूर्ण नहीं होंगे वेतन बहाल नहीं किया जाएगा। सीडीओ हरिशंकर सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वह अपने कार्य प्रणाली में सुधार लाएं अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।