सीतामढ़ी। जिलाधिकारी विशाख जी और पुलिस अधीक्षक सचींद्र पटेल ने शनिवार को सीतामढ़ी गंगा घाट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान महर्षि वाल्मीकि आश्रम के पास डंप बालू का अवलोकन किया। घाट तक जाने के लिए अलग से बने अवैध मार्ग को बंद कराने का निर्देश चौकी इंचार्ज को दिया। शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे अधिकारी द्वय सीतामढ़ी गंगा घाट पर पहुंचे। पक्के घाट से गंगा घाट तक चार पहिया वाहनों के लिये अलग से बनाए रास्ते को देख डीएम सख्त हो गए। उन्ळोंने अलग से बनाए गए रास्ते और अवैध बालू खनन के बारे में लोगों से बातचीत की। डीएम और एसपी ने चौकी इंचार्ज सीतामढ़ी को निर्देश दिया की घाट तक जाने वाले अवैध रास्ते को जेसीबी से खुदाई कराकर तत्काल बंद करवाएं। क्षेत्रीय लेखपाल को निर्देश दिया की रास्ते की बैरिकेडिंग कराकर पेंट से लिखवाएं की रास्ता बंद है। इसके बाद डीएम ने सरकारी गेस्ट हाउस, पार्क, सरस हाट का भी निरीक्षण किया। पूर्व लेखपाल कमलाशंकर मिश्रा को बुलाकर जिलाधिकारी ने रामजानकी मंदिर की जमीन और गंगा की जमीन की जानकारी ली ।