थानाक्षेत्र के जगरनाथपुर गांव में शनिवार को हुई मारपीट मामले में सपा युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय यादव समेत 17 के खिलाफ रविवार को हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर धनगर महासभा मंडल अध्यक्ष के ट्वीट को संज्ञान में लेते हुए आईजी ने सीओ औराई को जांच के निर्देश दिए हैं। जगरनाथपुर गांव निवासी रामश्रृंगार पाल परिवार के साथ रहते हैं। रास्ते के विवाद में शनिवार को सयुस के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय यादव बड़ी संख्या में लोगों के साथ पहुंचे और मारपीट की। इसमें पाल पक्ष के पांच लोग घायल हैं जिसमें तीन की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। जबकि यादव पक्ष से एक व्यक्ति आंशिक रूप से घायल है। मामले में उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद भी थाना पुलिस ने दोनों पक्ष पर एक जैसी ही कार्रवाई की। मामले में विजय यादव, ओम प्रकाश यादव, राजनाथ, अजय, राजेश, राधेश्याम समेत 10 लोग जबकि पाल पक्ष के रामश्रृंगार समेत सात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। सूत्रों की माने तो सपा नेता मिर्जापुर और भदोही में दर्ज मुकदमों में वांछित है। धनगर महासभा के मंडल अध्यक्ष अखिलेश प्रकाश पाल ने प्रकरण को लेकर डीजीपी, आईजी समेत अन्य अधिकारियों को ट्वीट किया। इसपर आईजी ने सीओ को विवेचना सौंपी। सीओ औराई अजय कुमार ने कहा कि मामला उनके क्षेत्र का है, जांच चल रही है। अभी उच्चाधिकारियों की ओर से कोई पत्र नहीं आया है।