पटना। पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान की एक छात्रा ने शनिवार को आत्महत्या कर ली। छात्रा उत्तर प्रदेश की रहने वाली थीं। घटना के बाद कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने जांच के लिए छात्रा का मोबाइल जब्त कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र की रहने वाली रीना पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में आंख विभाग में तकनीशियन की द्वितीय वर्ष की छात्रा थीं। वह पटना के शास्त्री नगर थाने की कृषि कालोनी स्थित अपनी सहपाठी प्रिया के साथ पिछले एक साल से किराए पर रह रही थीं। रीना ने शनिवार सुबह अपने कमरे में सल्फास की गोली खा ली। सल्फास खाने के बाद रीना ने अपनी बहन को फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद उसकी बहन ने प्रिया के मोबाइल पर फोन कर घटना के बारे में बताया। उस वक्त वह क्लास में थी। जानकारी मिलते ही प्रिया एक दोस्त के साथ फ्लैट पर पहुंची। आनन -फानन में मकान मालिक दिनेश कुमार ने अपनी कार से रीना को आइजीआइएमएस में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। कमरे से किसी प्रकार का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच के लिए छात्रा का मोबाइल पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने के बाद परिजन पटना पहुंचे। इस दौरान शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।