वाराणसी। गोला खजुरी निवासी अधिवक्ता की तहरीर पर कैंट थाने में शुक्रवार को पड़ोस के दो नामजद सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। कैंट थाना अंतर्गत गोला खजुरी निवासी अधिवक्ता जितेंद्र केशरी के अनुसार दो दिन पूर्व पड़ोस में रहने वाले बाबू यादव और कल्लू यादव अपने दोस्तों के साथ उनके घर में घुसे। इस दौरान उनके घर की महिलाओें से बदसलूकी की गई। साथ ही घर में घुसने वालों ने धमकाया कि अगर मुहल्ले में रहना है तो 50 हजार रुपये दो। नहीं तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो। अधिवक्ता की तहरीर पर बाबू यादव और कल्लू यादव के अलावा दो अज्ञात पर कैंट थाना में रंगदारी मांगने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।