भदोही। केरल के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए सामाजिक संस्था भदोही आवामी मोर्चा ने चार लाख 15 हजार 301 रुपये एकत्र कर मुख्यमंत्री राहत कोष में भेजा है। मोर्चा के पदाधिकारियों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंच कर जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद को चेक सौंपा। संगठन के राशिद अंसारी और मो. अतहर अंसारी ने कहा कि गत अगस्त में केरल में जो आपदा आई, वह किसी भी राज्य में आ सकती है। एक ओर जहां सैकड़ों इंसानों की मौत हो गई, वहीं हजारों लोग बेघर होकर परिजनों से बिछड़ गए। फसलें बर्बाद हो गईं। भारी तबाही में प्रभावित हुए केरलवासियों को देश भर से सहायता राशि पहुंच रही है। इससे भदोही भी अछूता नहीं रह सकता था। बताया कि प्रभावितों की सहायता के लिए शहर का हर कोई आगे आगे आया और सहायता की है। अतहर अंसारी ने बताया कि जुटाई गई रकम ऊंट के मुंह में जीरा की तरह है, लेकिन बूंद बूंद से घड़ा भरता है। डीएम ने संगठन के प्रयास की सराहना की। इस मौके पर एजाज खां, नूरुल्लाह अंसारी, इरशाद खां, इश्तियाक अंसारी, एहतेशाम अंसारी, नदीम अहमद, हाजी सलाम अंसारी, वासिफ मस्तान आदि शामिल रहे।