वाराणसी। केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री व सेवानिवृत्त जनरल वीके सिंह ने प्रबुद्धजनाें संग शनिवार को महमूरगंज स्थित रमन निवास में बैठक की। इस दौरान स्मार्ट सिटी को लेकर मंथन हुआ। बैठक के दौरान शहर विकास के लिये जहां कई सुझाव आए तो वहीं केंद्रीय मंत्री ने जिले में चल रहे विकास कार्यों के बारे में बताया। इस दौरान पर्यटन विकास की संभावनाओं के लिये प्रबुद्धजनाें ने कई सुझाव दिये। उद्यमियों ने डोमेस्टिक और इंटरनेशनल फ्लाइट बढ़ाने की बात कही। तो वहीं कुछ उद्यमियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अच्छा काम कर रहे पर सरकार तंत्र उनका साथ नही दे रहा है। उद्यमी राजेंद्र गोयनका ने कहा कि सरकारी अमला व्यापार को हतोत्साहित कर रहा है और कारोबारियों में निराशा आ रही है। इस दौरान बिजली, पानी, क्राइम आदि पर भी चर्चा हुई। इस दौरान अतिक्रमण और ध्वस्त यातायात व्यवस्था को लेकर दर्द भी उभरा। सेवानिवृत्त जनरल बीके सिंह ने बताया कि काशी के विकास को वह दृढ़ संकल्पित हैं। उन्होंने बेहतर सड़कें, स्वच्छता के लिये किये जा रहे प्रयास सहित अन्य विकास कार्यों की जानकारी दी। भाजपा प्रदेश के सह प्रभारी सुनील ओझा ने भी जिले में किये गये कार्यों की जानकारी दी। संयोजन शांति रमन, अरुणा रमन तथा संचालन भाजपा नेता धर्मेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री की पत्नी भारती सिंह भी मौजूद रहीं। इस अवसर पर कुमार अग्रवाल, राय ईश्वरचंद्र, तन्मय देवा, त्रिपुरारी शंकर, अशोक कपूर, चंद्रमौली उपाध्याय, मोहित आदि लोग मौजूद रहे।