वाराणसी। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के वराही गली स्थित डोम राजा परिवार की रागिनी चौधरी (21) ने सोमवार सुबह नौ बजे फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रागिनी का एक महीने पहले ही विवाह हुआ था और उसकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मानमंदिर घाट के पीछे वराही गली में डोम राजा का परिवार रहता है। जगदीश चौधरी की तीन बेटी और एक बेटे में सबसे बड़ी रागिनी का विवाह बीते 18 फरवरी को सोनारपुरा निवासी ऋषभ चौधरी से हुआ था। परिजनों ने बताया कि रागिनी नवरात्र पर व्रत थी। सुबह नौ बजे उसकी छोटी बहन रवीना ने चाय दिया और कहा कि पापा बुला रहे हैं। काफी देर तक रागिनी नहीं आई तो छोटी बहन दोबारा बुलाने गई तो देखा कि अंदर से कमरा बंद था। रवीना ने खिड़की से देखा तो रागिनी पंखे के सहारे साड़ी के फंदे से लटकी हुई थी। चिल्लाने पर परिवार के लोग भाग कर आए। आननफानन में दरवाजा तोड़ कर रागिनी को फंदे से नीचे उतारा। परिजन रागिनी की आत्महत्या से अवाक थे और समझ नहीं पा रहे थे कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। वहीं, पुलिस का कहना था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मोबाइल की कॉल डिटेल और एसएमएस आदि की जांच कर मामले को स्पष्ट किया जाएगा।