ज्ञानपुर। बकरीद और रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर सोमवार को खाद्य एवं औषधीय प्रशासन विभाग की टीम ने ज्ञानपुर, गोपीगंज, भदोही और जंगीगंज में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इससे दुकानदारों में खलबली मच गई। टीम ने पेड़ा, लड्डू, खोवा के सात सैंपल जांच के लिए उठाकर लखनऊ प्रयोगशाला भेज दिया। साफ-सफाई न होने और लाइसेंस न दिखाने पर तीन दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया। त्योहारों पर मांग के अनुरूप खोवा, दूध, घी समेत अन्य खाद्य पदार्थों की आपूर्ति कम होती है। जिसकी पूर्ति मिलावट के माध्यम से की जाती है। मिलावटी पदार्थों के सेवन से तमाम बीमारियां फैलती हैं। मिलावटखोरी रोकने के लिए समय-समय पर खाद्य एवं औषधीय प्रशासन विभाग की ओर से छापेमारी की जाती है। सोमवार को जिला अभिहित अधिकारी मंजुला सिंह के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर पेड़ा, लड्डू, खोवा, पनीर, नमकीन और सरसों तेल के सात सैंपल उठाए। ज्ञानपुर नगर के एक रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकान में साफ-सफाई नहीं मिली। इसके लिए दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया। एक दुकानदार लाइसेंस नहीं दिखा सका, उसे सात दिन में लाइसेंस प्रस्तुत करने के लिए निर्देश दिया गया। जिला अभिहित अधिकारी ने कहा कि पर्वों के मद्देनजर शासन के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। मिलावटी सामान की बिक्री किसी भी स्तर पर नहीं करने दी जाएगी। इस मौके पर विनोद वर्मा, ज्ञानेंद्र पाल, जय प्रकाश गुप्ता, निर्भय नारायण सिन्हा आदि रहे। बता दें कि विभाग की ओर से तमाम निरीक्षणों के बाद भी किराना और मिठाई की दुकानों पर भारी मात्रा में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की जाती है, जिसका असर आम आदमी की सेहत पर पड़ता है। वरिष्ठ चिकित्सिक डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मिलावटी सामान में तमाम प्रकार के रसायन मिलाए जाते हैं। इससे हृदय रोग, सांस रोग समेत कई अन्य गंभीर बीमारियों के होने का खतरा होता है।