वाराणसी। डीजल इंजन कारखाना(डीरेका), विवेक अकादमी और पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने बुधवार को ओलंपियन मोहम्मद शाहिद जिला हॉकी लीग में जीत दर्ज कर पूरे अंक अर्जित किए। सिगरा स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में विवेक अकादमी ने साई एकेडमी डीरेका को 3-0 से पराजित किया। विवेक अकादमी की ओर से खेल के 12वें मिनट में रॉबिन जायसवाल ने, 17वें मिनट में पंकज यादव ने और 35वें मिनट में एक बार फिर रॉबिन जायसवाल ने गोल दागा। दूसरे मैच में डीरेका ने कैंट स्टार क्लब को 4-0 से शिकस्त दी। डीरेका की ओर शशिकांत भारद्वाज ने खेल के नौंवें मिनट में, सुरेंद्र कुमार गौड़ ने 18वें और 37वें मिनट में तथा हरिकेश प्रताप सिंह ने 54वें मिनट में गोल किया। तीसरे मैच में पूर्वोत्तर रेलवे ने स्पोर्ट्स हॉस्टल को 2-0 से हराया। पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से दिलशाद खान और मनीष कुमार ने एक-एक गोल किया। सुनील सिंह, जावेद खान, कुमार भारत, सुरेंद्र गौड़, आशीष ठाकुर, शशिकांत सिंह, वीपीएस पाल, एमके कोरिया, आशीष कुमार सिंह और सतीश नारायण सिंह निर्णायक रहे। 28 सितंबर को दिन में एक बजे से विवेक अकादमी और लालपुर स्टेडियम के बीच दिन में दो बजे से साईं एकेडमी और गंगापुर एकेडमी के मध्य एवं दिन में तीन बजे से मालवीय स्पोर्टिंग और पूर्वोत्तर रेलवे के बीच मैच खेला जाएगा।