1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की स्मृति में अलग-अलग खेलों के 158 खिलाड़ियों ने तीन किमी की दौड़ लगाई। रविवार को शहर में खेल और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। यूपी एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब की ओर से परमानंदपुर मिनी स्टेडियम से लालपुर स्टेडियम तक वॉक रेस हुई। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने कदमताल करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। रेस में सोनल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सोनी दूसरे और काजल तीसरे स्थान पर रहीं। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। वॉक रेस में हैंडबॉल, रग्बी, टेबल टेनिस, जूडो, हॉकी और खो-खो के खिलाड़ी शामिल रहे। संयोजक डॉ. आशा सिंह ने कहा कि 1857 की क्रांति भारतीय इतिहास की गौरवशाली विरासत है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में राष्ट्रप्रेम, फिटनेस और सामाजिक जागरूकता की भावना विकसित होती है।