वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार दोपहर दो बजे विजय संकल्प रैली को संबोधित करने के लिए गोरखपुर से वाराणसी पहुंचे। काशी की परंपरा के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर करीब पौने तीन बजे काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार पहुंचे जहां महंत नवीन गिरी ने बाबा का दर्शन पूजन कराया। उनसे अनुमति लेकर वह 2.55 बजे निकले और तीन बजे बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचे। करीब 3.05 बजे वह काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भ गृह पहुंचे। यहां टेकनारायण उपाध्याय के आचार्यत्व में पांच वैदिक ब्राह्मणों ने षोडशोपचार पूजन कराया। करीब छह मिनट पूजा कर सीएम ने पार्टी की विजय के लिए बाबा का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री के लिए मंदिर प्रशासन ने खिचड़ी प्रसाद की व्यवस्था की थी, लेकिन समय का अभाव होने के चलते वह नदेसर स्थित कटिंग मेमोरियल ग्राउंड में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित करने के लिए निकल गए।