वाराणसी। प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की कमान 12 आईपीएस संभालेंगे। गुरुवार को पुलिस लाइन में फोर्स को ड्यूटी बताई जाएगी। इसके बाद डमी फ्लीट का ग्रैंड रिहर्सल और सेना के तीन हेलीकाप्टरों का टच एंड गो का फाइनल रिहर्सल होगा। वहीं बुधवार शाम से बाबतपुर एयरपोर्ट, पुलिस लाइन, काशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र और बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल को एसपीजी ने अपनी निगरानी में ले लिया। प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में 15 एडिशनल एसपी, 35 डिप्टी एसपी, 3000 दरोगा, हेड कांस्टेबल व सिपाही, 10 कंपनी पीएसी व सीपीएमएफ के जवान, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और एंटी माइंस डिटेक्शन यूनिट तैनात रहेगी। गंगा में जल पुलिस, पीएसी बाढ़ राहत दल और 11 एनडीआरएफ के जवान तैनात रहेंगे। थल सेना, वायु सेना और नौसेना के जवान एलर्ट मोड में रहेंगे। प्रधानमंत्री के आवाजाही के रूट पर रूफ टॉप फोर्स तैनात रहेगी। उधर, बुधवार को एसपीजी ने जिला पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों का जायजा लिया। साथ ही आवाजाही के रूट पर की गई बैरिकेडिंग चेक की। इस दौरान नई दिल्ली से आए केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के अधिकारी भी मौजूद रहे।