गोपीगंज। थाना क्षेत्र के भाव सिंहपुर गांव में गुरुवार को विवाद होने पर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और पथराव भी हुआ। इसमें 10 लाख घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों का इलाज कराया और दोनों पक्षों के आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। भाव सिंहपुर गांव में गोबर रखने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव होने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। इसमें एक पक्ष के राधेश्याम गौतम (55), नीलू (12) पुत्री श्याम कुमार गौतम, राम कुमार गौतम (38), बॉबी देओल गौतम (18) पुत्र राधेश्याम गौतम, आरती देवी (40) पत्नी श्याम कुमार गौतम और दूसरे पक्ष से राधिका देवी (40) पत्नी राजकुमार गौतम, अनु 16 वर्ष पुत्री राजकुमार गौतम, पूजा देवी (19) पुत्री राजकुमार गौतम, संजय गौतम (21) पुत्र राजकुमार गौतम और राजकुमार गौतम (42) घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर गोपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों का इलाज कराया। दोनों पक्षों की ओर से थाने में चार-चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।