ज्ञानपुर। लखनऊ के गुरू गोविंद सिंह स्टेडियम में सोमवार को शुरू हुई 31वीं राज्य स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बालक वर्ग के चक्का फेक में पाली निवासी हर्षित शर्मा ने स्वर्ण पदक, बालिका वर्ग में पाली की मंजू यादव ने स्वर्ण पदक जीता। बालक वर्ग लंबी कूद में पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोइलरा के धनन्जय कुमार और बालक वर्ग 600 मीटर दौड़ में पूर्व माध्यमिक विद्यालय बसंतापुर के आशीष ने पहला स्थान हासिल कर सोने का तमगा हासिल किया। टीम लीडर खंड शिक्षा अधिकारी ज्ञानपुर अरविंद पांडेय, व्यायाम शिक्षक मनोज उपाध्याय, सूर्यकांत मौर्य, राजेश बिंद, प्रभात यादव ने बच्चों के पदक जीतने पर खुशी जताई। कहा कि दूसरे दिन जिले के होनहार पूर्व के रिकार्ड को ध्वस्त करेंगे।