रांची में 17 से 21 जनवरी तक होने वाली 67वीं स्कूली राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता में इस बार उत्तर प्रदेश की टीम नहीं खेल पाएगी। इसका कारण पात्र खिलाड़ियों का चयन न हो पाना है। वहीं, प्रतियोगिता के लिए पहले चयनित 21 खिलाड़ियों ने यूपी टीम की प्रतिभागिता निरस्त करने को लेकर शिक्षा विभाग पर मनमानी का आरोप लगाया है।
रांची में आयोजित स्कूली राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से 21 खिलाड़ियों का चयन किया गया। संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी कार्यालय की ओर से चांदमारी स्थित एक विद्यालय में 4 जनवरी से 13 जनवरी तक आवासीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें लखनऊ से 6, मिर्जापुर के 4, वाराणसी के 4, सैफई के 4, मेरठ, अयोध्या व प्रयागराज के एक-एक खिलाड़ी ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि शिविर के अंतिम दिन तक कैंप चलाने के बाद अचानक कैंप को निरस्त कर दिया गया। खिलाड़ियों ने कहा, अगर पात्रता का मामला था तो प्रशिक्षण शुरू होने के पहले क्यों नहीं जांची गई। वहीं, संयुक्त निदेशक वाराणसी राम शरण सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर लखनऊ निदेशालय के आदेश पर निरस्त किया गया है।