बीएचयू के दुग्ध विज्ञान और खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग में अगले 21 दिन तक 15 प्रोफेसरों और रिसर्चरों को डेयरी रिसर्च और विकास की चुनौतियों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। सोमवार को आईसीएआर प्रायोजित उन्नत संकाय प्रशिक्षण (सीएएफटी) कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। पहले दिन वैज्ञानिक सिद्धांतों, फूड प्रोसेसिंग तकनीक, नियामक ढांचे और बाजार आधारित दृष्टिकोण के उपयोग पर बातें की गईं। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने सभी प्रतिभागियों को बीएचयू में इस उपयोगी और बौद्धिक रूप से समृद्ध प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. शतिष कुमार, खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग के अध्यक्ष प्रो. राज कुमार दुआरी ने बताया कि वर्ष 2019 में स्थापित यह विभाग भारत के खाद्य एवं दुग्ध क्षेत्र की बदलती जरूरतों के अनुसार विश्वस्तरीय अकादमिक और अनुसंधान कार्यक्रम विकसित कर रहा है। प्रशिक्षण में कार्यात्मक दुग्ध उत्पादों में संवर्धन, स्थिरता और विस्तार से जुड़ीं व्यावहारिक चुनौतियों को शामिल किया गया है।