नई बाजार। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कोतवाली पुलिस जागरूकता अभियान चलाने के साथ स्कूल-कॉलेज प्रबंधन की भी मदद ले रही है। इसी के तहत बृहस्पतिवार को पुलिस ने सेंट मेरीज स्कूल के छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। जागरूकता कार्यक्रम में कोतवाल नवीन कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों को यातायात के नियम बताए और उन्हें तोड़ने पर कानूनी कार्रवाई की भी जानकारी दी। कोतवाल ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण है। हादसों में होने वाली मौतों को रोकने के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करना होगा। उन्होंने कहा कि बाइक चलाते समय हेलमेट जरूर लगाए। नियंत्रित रफ्तार से वाहन चलाएं और यातायात के नियमों का पालन करें। पुलिस ने विद्यार्थियों से कहा कि कहीं भी कोई नियमों की अनदेखी करे तो उसकी जानकारी पुलिस को दें। उन्होंने बाइक में हूटर के इस्तेमाल पर आगाह किया। पुलिस ने बताया कि तेज गति बाइक चलाते पकड़े जाने पर 400, खतरनाक ढंग से बाइक चलाने पर एक हजार, बगैर इंश्योरेंस के पकड़े जाने पर पांच हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान है। अंत में फादर जोसफ हर्षानंद ने आभार व्यक्त किया।