वाराणसी। विपक्ष पर संसद में गतिरोध का आरोप लगाते हुए भाजपा का देशव्यापी सत्याग्रह बृहस्पतिवार को होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा की अगुवाई में भाजपाई जिला मुख्यालय पर सत्याग्रह कर उपवास करेंगे। सुबह 10 से शाम पांच बजे तक सत्याग्रह के जरिए विपक्ष के रवैए पर भाजपाई अपना विरोध दर्ज कराएंगे। इसके अलावा चंदौली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद महेन्द्र नाथ पांडेय सत्याग्रह करेंगे। नीची बाग स्थित नगर कार्यालय में भाजपा की बैठक में बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय पर होने वाले सत्याग्रह को लेकर रुपरेखा तैयार की गई। नगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में विपक्ष के खिलाफ सत्याग्रह किया जा रहा है। वाराणसी में केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा पार्टी के नेताओं की अुगवाई करेंगे। जिन स्थानों पर पार्टी के सांसद नहीं हैं वहां पर पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं या राज्यसभा सदस्यों की तरफ से उपवास रखा जाएगा। केन्द्रीय मंत्री सुबह वाराणसी पहुंचेंगे और जिला मुख्यालय पर सुबह 10 बजे से सत्याग्रह शुरू होगा।