वाराणसी। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि आगामी 23 दिसंबर को बाबतपुर के कारगो से दुबई सहित अन्य अरब देशों में बनारस की साग सब्जियां भेजी जाएंगी। यहां के अलावा गाजीपुर से टमाटर, मिर्च आदि का निर्यात किया जाएगा। रविवार को सर्किट हाउस में हुई प्रेसवार्ता में कृषि मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय चावल शोध संस्थान फिलीपींस की पहली शाखा बनारस में खुल रही है। इसके लिए पांच हेक्टेयर जमीन कलेक्ट्री फार्म में दी जा रही है। उन्होंने कहा कि 23 से 25 तक सांस्कृतिक संकुल में किसान मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह आ रहे हैं। इनके अलावा छह राज्यों के अधिकारी भी आ रहे हैं। इसमें मिट्टी जांच की मशीन आ रही है जो एक दिन में दो हजार नमूनों की जांच करेगी। किसानों की आय दूनी करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्हें हर सुविधा मुहैया कराई जा रही है। इसकी मानीटरिंग ऑनलाइन की जा रही है। किसानों के उत्पादों की सीधी बिक्री के लिए बाजार दिया गया है। 97800 राजस्व गांव में बर्मी कंपोस्ट यूनिट लगाई जाएगी। 20 हजार सोलर पंप लगाए जाएंगे। काम नहीं करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी जबकि अच्छा काम करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके बाद मंत्री ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी ली।