ज्ञानपुर। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम प्रधानों और एएनएम की बैठक शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में हुई। स्वास्थ्य समिति का खाता खुलवाने को लेकर उठे गतिरोध के बाद प्रधानों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। उनका आरोप था कि गांव में स्वच्छता संबंधी कार्यों के बजट के लिए स्वास्थ्य समिति का खाता खुलना जरूरी है, लेकिन एएनएम इस पर ध्यान नहीं दे रहीं हैं। चिकित्सा प्रभारी डॉ. आशुतोष पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्राम प्रधानों और एएनएम के बीच मतैक्य नहीं दिखा। प्रधान संघ के ज्ञानपुर ब्लॉक अध्यक्ष रमेश चंद्र यादव ने कहा कि एएनएम की कार्यप्रणाली से गांव वालों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। उनमें नाराजगी है। इसके बाद प्रधान उठकर बाहर चले गए और बैठक नहीं हुई।