सुईथाकला। सरपतहां थाना क्षेत्र के रुधौली गांव में मंगलवार की देर रात बेटी की विदाई का सपना संजोए पिता की एक दिन पहले मौत हो गई। मंगलवार को घर की महिलाएं मंगल गीत गा रही थी, उसी दौरान पिता टिल्लठू गौतम की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में एक निजी चिकित्सालय शाहगंज ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही घर पर खुशी का माहौल गम में बदल गया। गांव निवासी टिल्लठू गौतम 55 झारखंड के कोईलरी में नौकरी करते थे और कुछ दिन पहले अपने दो बेटियों में से अंतिम बेटी रानी का विवाह करने गांव आए थे। जिनका शुभ विवाह 15 जून को अजय पुत्र नन्हकऊ ग्राम गौराटिकरी थाना कादीपुर जनपद सुल्तानपुर से तय था। परंतु बारात आने के एक दिन पहले ही पिता की हसरत पूरी नहीं हो सकी और उसकी मौत हो गई।