पड़ाव। खाद्य सुरक्षा अधिकारी के सचल दस्ते ने मंगलवार को पड़ाव क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग कर उसमें लदी 14 क्विंटल नमकीन सीज की और एक क्विंटल नकली खोवे को नष्ट कराया। वहीं, क्षेत्र के विभिन्न दुकानों पर छापा मारकर खाद्य पदार्थो के सैंपल लिए। विभाग की ओर से की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही।
दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों की जबरदस्त मांग होती है। इसको लेकर मिलावट का बड़ा खेल होता है। इसे लेकर जिले की खाद्य विभाग काफी सक्रिय हो गई है। खाद्य विभाग के सचल दस्ते ने मंगलवार की शाम करीब तीन बजे पड़ाव क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक मैजिक पर लदी 14 क्विंटल नमकीन सीज की। नमकीन बखरा से वाराणसी ले लाई जा रही थी। वहीं, पीडीडीयू नगर से खोवा लेकर जा रहे वाहनों को रोक कर सैंपल लेने के बाद एक क्विंटल खोवे को नष्ट कराया गया। साथ ही अन्य तीन वाहनों पर लदे खोवे का भी सैंपल लिया। इसके बाद यह टीम बहादुरपुर रोड स्थित मुख्य बाजार में पहुंची, जहां दो दुकानों से किशमिश के सैंपल लिए। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज यादव ने बताया कि यह जांच अभियान 15 नवंबर तक अनवरत जारी रहेगा। टीम में राजेश यादव, नीतिका केसरी, गोविंद यादव आदि मौजूद रहे।